मुरादाबाद: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के लाभार्थियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। देश के करीब 9.46 करोड़ किसान परिवार बेसब्री से अपनी अगली किस्त की राह देख रहे हैं। हाल ही में, 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किस्त जारी की थी। अब सबकी नजरें 23वीं किस्त पर टिकी हैं। हालांकि सरकार ने अभी तक किसी आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन पिछली किस्तों के पैटर्न को देखें तो जून या जुलाई 2026 के भीतर यह राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकती है।
योजना की किस्त का गणित
पीएम किसान योजना के तहत सरकार अन्नदाताओं को हर साल ₹6,000 की आर्थिक मदद देती है, जो ₹2,000 की तीन बराबर किस्तों में चार-चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती है। चूंकि 22वीं किस्त (दिसंबर-मार्च अवधि) मार्च में आ चुकी है, इसलिए अगली किस्त (अप्रैल-जुलाई अवधि) का पैसा जल्द ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे खातों में भेजा जाएगा।
किस्त का चक्र
पहली किस्त: अप्रैल से जुलाई
दूसरी किस्त: अगस्त से नवंबर
तीसरी किस्त: दिसंबर से मार्च
किसे मिलेगा लाभ और कैसे देखें नाम?
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलता है जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है। संस्थागत भूमि या गैर-कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाली जमीन पर यह लाभ नहीं मिलता।
लाभार्थी सूची में अपना नाम जांचने के लिए किसानों को पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Beneficiary List’ विकल्प को चुनना होगा। इसके बाद अपने राज्य, जिले, ब्लॉक और गांव की जानकारी दर्ज करके ‘Get Report’ पर क्लिक करते ही पूरी लिस्ट सामने आ जाएगी।
ऐप से मिनटों में चेक करें स्टेटस
किसान भाई अपने स्मार्टफोन में ‘PM Kisan GOI’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए ऐप में ‘Beneficiary’ विकल्प चुनकर अपनी रजिस्ट्रेशन आईडी दर्ज करनी होगी और मोबाइल पर आए वन-टाइम पासवर्ड (OTP) के जरिए वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद e-KYC और किस्त की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिख जाएगी।
e-KYC है सबसे जरूरी, वरना फंसेगा पैसा
अगर आप चाहते हैं कि आपकी 23वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आए, तो अपनी e-KYC तुरंत पूरी कर लें। सरकार ने इस प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है।
e-KYC कराने के आसान तरीके
OTP के जरिए: मोबाइल ऐप या वेबसाइट से स्वयं करें।
बायोमेट्रिक: नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) जाकर कराएं।
फेस ऑथेंटिकेशन: पीएम किसान ऐप के माध्यम से चेहरा स्कैन करके।
(नोट: प्रक्रिया पूरी होने के 24 घंटे बाद ऑनलाइन स्टेटस जरूर चेक कर लें।)
