राहत: टली तीन दिनी बैंक हड़ताल, अब सामान्य दिनों की तरह होगा काम

डिजिटल डेस्क: बैंक कर्मचारियों द्वारा बुलाई जाने वाली आगामी तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल टल गई है। इस निर्णय से बैंक खाताधारकों और व्यापारियों ने बड़ी राहत की सांस ली है, क्योंकि यदि हड़ताल होती तो लगातार तीन दिन तक बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप रहने की आशंका थी।

यूनियन के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों में मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसके परिणामस्वरूप हड़ताल को टालने का निर्णय लिया गया। बैंकों के इस फैसले के बाद अब देश भर की सभी बैंक शाखाएं अपने निर्धारित समय के अनुसार खुलेंगी और सामान्य दिनों की तरह सभी प्रकार के वित्तीय लेनदेन और बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।

यूपीआइ, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एनईएफटी, आरटीजीएस और आइएमपीएस जैसी सेवाएं भी जारी रहेंगी। यूएफबीयू के मुरादाबाद जिला सचिव नवनीत कुमार ने बताया कि हड़ताल स्थगित होने का संदेश मिला है। उन्होंने बताया कि बैंक्स एसोसिएशन (आइबीए) और यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के अधिकारियों के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद हड़ताल टालने का फैसला लिया गया।

सचिव ने बताया कि अब तीनों दिन ग्राहकों के वित्तीय लेनदेन और बैंक से जुड़े जरूरी काम बिना किसी बाधा के सामान्य रूप से चलते रहेंगे। सभी बैंक शाखाओं में रोजमर्रा की तरह चेक क्लियरेंस, कैश जमा-निकासी और लोन से जुड़े कार्य सुचारू रूप से होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *