दिल्ली में योगा कोर्स करने गई विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, पति-ससुर समेत पांच पर FIR

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के कटघर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दिल्ली में फिजिकल ट्रेनर और योगा का कोर्स करने गई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और पीड़िता व उसके पिता से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़िता के पिता का आरोप है कि इस पूरी वारदात के पीछे उनके दामाद और ससुर की सोची-समझी साजिश थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और दिल्ली के दो युवकों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

जिम खोलने के नाम पर पीड़िता के पिता से ले लिए 25 लाख
पीड़िता के पिता ने कटघर पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी का विवाह 14 अगस्त 2013 को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर निवासी एक युवक से हुआ था। करीब दो साल पहले दामाद ने जसपुर में एक जिम खोला था, जिसके लिए मायके पक्ष से 25 लाख रुपये लिए गए थे। इसके बाद, दिसंबर 2025 में पति और सास-ससुर ने एक साजिश के तहत महिला को फिजिकल ट्रेनर और योगा का कोर्स करने के लिए दिल्ली भेज दिया।

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो
दिल्ली के रोहिणी स्थित योगा स्कूल में पढ़ाई के दौरान महिला की मुलाकात नजफगढ़ निवासी भविष्य नाम के युवक से हुई। फरवरी 2026 में आरोपी भविष्य महिला को बहला-फुसलाकर नजफगढ़ ले गया और महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसके बाद भविष्य और उसकी बुआ के बेटे मुकुल ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। होश में आने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग की।

बदनामी के डर से खुदकुशी की कोशिश, मुरादाबाद पहुंचा आरोपी
इस भयावह घटना से घबराकर पीड़िता मुरादाबाद स्थित अपने मायके आ गई और मानसिक तनाव में आकर नशे की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई। हद तो तब हो गई जब 1 जून 2026 को आरोपी भविष्य रंगदारी की रकम वसूलने मुरादाबाद तक पहुंच गया। उसने जब वीडियो कॉल की, तब पता चला कि कार में आरोपी भविष्य के साथ पीड़िता का पति भी मौजूद था, जिससे साफ है कि इस घिनौने कृत्य में ससुराल वाले भी शामिल थे।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह बोले-
पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कटघर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *