यूपी में अखिलेश व मायावती समेत इन बड़े नेताओं को मिलीं बुलेट-प्रूफ जैकेट्स, योगी सरकार ने इसलिए उठाया ये कदम…

डेस्क, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार ने एक अभूतपूर्व फैसला लिया है। सरकार ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती समेत प्रदेश के 44 प्रमुख नेताओं को विशेष बुलेट-प्रूफ जैकेट्स मुहैया कराई हैं। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है जब Y श्रेणी से लेकर Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त दिग्गज नेताओं को अलग से यह अतिरिक्त सुरक्षा कवर दिया जा रहा है।

योगी कैबिनेट में 11 मंत्रियों को भी मिली सुरक्षा
इस विशेष सुरक्षा सूची में विपक्षी दिग्गजों के अलावा योगी कैबिनेट के 11 मंत्रियों को भी शामिल किया गया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को यह बुलेट-प्रूफ जैकेट प्राप्त भी हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व मंत्री सुरेश राणा और फायरब्रांड नेता संगीत सोम जैसे प्रमुख चेहरों को भी इस अभेद्य सुरक्षा घेरे के दायरे में रखा गया है। एक बुलेट-प्रूफ जैकेट की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

खुफिया इनपुट्स मिलने के बाद सरकार ने उठाया एहतियाती कदम
सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनावों के दौरान वीआईपी सुरक्षा को लेकर मिले गंभीर खुफिया इनपुट्स (Intelligence Inputs) के बाद शासन ने एहतियातन यह बड़ा फैसला उठाया है। हालांकि, इस निर्णय को लेकर सरकार या गृह विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जैकेट मिल गई, लेकिन पहनना नहीं आता…
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के एक खुलासे ने राजनीतिक गलियारों में सभी को चौंका दिया है। एक निजी समाचार माध्यम से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें जैकेट तो मिल गई है, लेकिन वे इसे पहनना नहीं जानते। उनका कहना है कि अभी तक प्रशासन या सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उन्हें इसे पहनने की ट्रेनिंग नहीं दी गई है। चुनावी माहौल के बीच उठाए गए इस कदम ने प्रदेश के सियासी हलकों में नई चर्चाओं और कयासों को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *