मुंबई: बॉलीवुड की असली ‘ड्रामा क्वीन’ और अपने बेबाक बयानों से हमेशा लाइमलाइट लूटने वाली राखी सावंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सालों पुराने और बॉलीवुड के सबसे चर्चित मीका सिंह ‘किस कॉन्ट्रोवर्सी’ को एक बार फिर हवा देते हुए राखी ने ऐसा चौंकाने वाला दावा किया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है। राखी का कहना है कि मीका सिंह की आवाज में आज जो सुरीलापन और जादू सुनाई देता है, वह दरअसल उनके एक ‘किस’ का ही नतीजा है।
राखी के टच से खुले मीका के सुर!
एक हालिया पॉडकास्ट के दौरान राखी सावंत ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए मीका पर जमकर तंज कसे। राखी ने मजाकिया और तीखे लहजे में कहा, “मीका के गले में पहले आवाज ही नहीं थी। जिस दिन उसने मुझे किस किया, उसकी आवाज एकदम सुरीली हो गई।”राखी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने मीका के गानों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले वह ‘सावन में लग गई आग’ जैसे साधारण गाने गाते थे, लेकिन उस किस कांड के बाद उनके करियर में ‘हुड़ दबंग’ जैसा पावर और स्टारडम आ गया। राखी का मानना है कि उनके टच और उस विवाद ने ही मीका को वह असली पहचान और सुर दिए हैं, जिनके दम पर वह आज इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं।
क्या था साल 2006 का वो ‘किस कांड’?
यह पूरा विवाद साल 2006 का है, जब मीका सिंह की बर्थडे पार्टी में जमकर हंगामा हुआ था। पार्टी के दौरान मीका ने अचानक मीडिया के सामने राखी सावंत को जबरदस्ती किस कर लिया था। इस हरकत से पूरी इंडस्ट्री सन्न रह गई थी। राखी ने उस वक्त चुप्पी न साधते हुए 11 जून 2006 को मीका के खिलाफ छेड़छाड़ (IPC धारा 354 और 323) की एफआईआर दर्ज करा दी थी, जो सालों तक मीडिया की सबसे बड़ी हेडलाइन बनी रही।
17 साल बाद कोर्ट में खत्म हुई थी कड़वाहट
लगभग 17 सालों तक यह हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई कोर्ट में खिंचती रही और दोनों के बीच जबरदस्त कड़वाहट बनी रही। हालांकि, अप्रैल 2023 में इस मामले में एक बड़ा मोड़ आया, जब दोनों ने पुरानी दुश्मनी को भुलाकर आगे बढ़ने का फैसला किया।
जब राखी ने वापस ली FIR
साल 2023 में मीका सिंह और राखी सावंत ने आपसी सहमति से कोर्ट का रुख किया। राखी ने बॉम्बे हाई कोर्ट में हलफनामा देते हुए कहा कि अब उनके बीच सब ठीक है और जो भी हुआ वह एक गलतफहमी थी। इसके बाद कोर्ट ने इस एफआईआर और चार्जशीट को पूरी तरह रद्द कर दिया, जिससे मीका को बड़ी राहत मिली थी।
भले ही कोर्ट से यह केस बंद हो चुका है और दोनों के बीच अब सब ठीक है, लेकिन राखी सावंत के इस नए और अतरंगी दावे ने एक बार फिर पुराने विवाद की यादों को सोशल मीडिया पर पूरी तरह से हरा कर दिया है। अब देखना यह है कि राखी के इस ‘सुरीले दावे’ पर मीका सिंह क्या प्रतिक्रिया देते हैं!
