केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन, महानगर अध्यक्ष गिरफ्तार

आंबेडकर पार्क में मोदी के खिलाफ कर रहे थे नारेबाजी, पुलिस को देख भागे कार्यकर्ता

Moradabad, Manoj Kashyap: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंविद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। मुरादाबाद में लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया और धारा-144 के चलते पुलिस प्रशासन ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया था। लेकिन, महानगर अध्यक्ष रविंद्र भाटिया पुलिस सक्रियता को धता-बताते हुए कार्यकर्ताओं के साथ आंबेडकर पार्क पहुंच गए। यहां उन्होंने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष को हिरासत में लेती सिविल लाइंस पुलिस।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सभी दलों के नेताओं को ईडी की धमकी देकर भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर कर रही है। जो नेता भाजपा की बात नहीं मान रहे उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भेज रही है। आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना तथ्यों के आधार पर ईडी ने गिरफ्तार किया है। लेकिन, आम आदमी पार्टी हार नहीं मानने वाली है। भाजपा सरकार की मनमानी का विरोध करती रहेगी।

वहीं जब आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन की जानकारी पुलिस प्रशासन को लगी तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देखकर मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर वहां से खिसक लिए। लेकिन, महानगर अध्यक्ष रविंद्र भाटिया पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस महानगर अध्यक्ष को गिरफ्तार कर थाने ले आई। यहां उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा का कहना है कि धारा 144 का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शन में शामिल अन्य कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *