संभल पुलिस ने जारी किया लुक आउट नोटिस, केंद्रीय एजेंसियों को भी किया सतर्क
देश के मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट और व्यवसायी जावेद हबीब एक बार फिर कानूनी शिकंजे में आ गए हैं। संभल पुलिस ने ठगी के एक गंभीर मामले में जावेद हबीब, उनके बेटे अनोस हबीब और सहयोगी सैफुल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने एफएलसी कंपनी (FLC Company) के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया और फिर रकम हड़प ली।
तीन दर्जन से अधिक पीड़ित आए सामने
अब तीन दर्जन से अधिक लोगों ने करीब दो दर्जन मामले दर्ज कराएं हैं। पुलिस के अनुसार, एफएलसी कंपनी के माध्यम से लोगों को निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया गया था। कंपनी का प्रचार इस तरह किया गया कि निवेशक यह मान बैठे कि यह योजना सीधे जावेद हबीब से जुड़ी है। जावेद हबीब के नाम और उनकी प्रसिद्धि का उपयोग कर लोगों को भरोसे में लिया गया। कई निवेशकों ने बताया कि उन्हें कंपनी की ओर से फ्रेंचाइजी और सैलून विस्तार के नाम पर निवेश के लिए प्रलोभन दिया गया था।
संभावित ठिकानों पर पुलिस कर रही छापेमारी
सूत्रों की माने तो जावेद हबीब, अनोस और सैफुल के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया गया है। चूंकि आरोपियों के देश छोड़कर भागने की आशंका है, इसलिए उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। पुलिस टीम अब तीनों की तलाश में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से भी जांच में सहयोग लिया जा रहा है।
सैंकड़ों सैलून देश विदेश में हैं संचालित
बता दें कि जावेद हबीब देश के सबसे प्रसिद्ध हेयर स्टाइलिस्टों में से एक हैं और उनके नाम से सैकड़ों सैलून भारत व विदेशों में संचालित हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उनके खिलाफ व्यावसायिक विवाद और ठगी के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। अब संभल पुलिस की यह कार्रवाई उनके लिए बड़ी कानूनी मुश्किल साबित हो सकती है।