भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। मेरठ भर्ती कार्यालय ने अग्निवीर भर्ती 2026 की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके तहत हजारों पदों पर भर्ती की जाएगी। अगर आप भी वर्दी पहनने का जज्बा रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
25000 से अधिक पदों पर होनी है भर्ती
इस बार सेना ने 8वीं और 10वीं पास युवाओं के लिए दिल खोलकर भर्तियां निकाली हैं। देशभर में अग्निवीर के 25,000 से भी ज्यादा पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। मेरठ भर्ती कार्यालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इसमें जनरल ड्यूटी (GD), क्लर्क, स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन जैसे विभिन्न वर्ग शामिल हैं। यह उन युवाओं के लिए एक शानदार मौका है जो कम उम्र में ही आत्मनिर्भर बनकर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
एक अप्रैल तक भारतीय सेना की वेबसाइट पर कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 13 फरवरी से लेकर 1 अप्रैल तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट http://www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। ध्यान रहे कि आवेदन की आखिरी तारीख 1 अप्रैल है, इसलिए अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते ही प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को 250 रुपये की फीस जमा करनी होगी।
कामन एंट्रेंस एग्जाम के बाद फिजिकल रैली
सेना ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। सबसे पहले उम्मीदवारों को ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) देना होगा। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही फिजिकल रैली टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। आवेदन करते समय अपने पास आधार कार्ड, मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र और हालिया पासपोर्ट साइज फोटो जरूर रखें। डेटा में किसी भी तरह की गलती होने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
ठगों और दलालों से रहे सावधान : सेना
भारतीय सेना ने युवाओं को ठगों और दलालों से बचने की सख्त हिदायत दी है। भर्ती कार्यालय का कहना है कि सेना में भर्ती होने के लिए कोई भी पैसा काम नहीं आता है; चयन केवल आपकी योग्यता और मेहनत के आधार पर होता है। यह पूरी प्रक्रिया निश्शुल्क (फीस के अलावा) और ऑटोमेटेड है, इसलिए किसी के बहकावे में न आएं और केवल अपनी तैयारी पर भरोसा रखें।
